झाँसी न्यूज़

सोशल मीडिया इन्फ्लुएनसर सत्या यादव की बढ़ी मुश्किलें, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, पार्टी विशेष को लेकर दुष्प्रचार करने के आरोप में दर्जनों लोगों का थाने में डेरा

झांसी। सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर सत्या यादव की मुश्किलें थमने का नाम न लेकर लगातार मुश्किलें बढ़ती जा रही है। चिरगांव में मारपीट, रंगदारी मांगने के आरोप में दर्ज मुकदमे के बाद अब रक्सा थाना क्षेत्र में ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह राजपूत सहित दर्जनों ग्रामीणों ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और पार्टी विशेष को लेकर दुष्प्रचार करने के आरोप में थाना में डेरा डालकर कार्यवाही की मांग की है।
सोशल मीडिया फेसबुक पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके वरिष्ठ पदाधिकारियों के खिलाफ अत्यंत अभद्र व अश्लील गालियों का वीडियो पोस्ट करने तथा सनातन धर्म की आस्था को चोट पहुंचाने के मामले में चिरगांव के आदतन अपराधी सत्यव्रत यादव उर्फ सत्या यादव के खिलाफ थाना रक्सा में गंभीर धाराओं के तहत लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता और रक्सा के वर्तमान ग्राम प्रधान श्री राजेंद्र सिंह राजपूत (पुत्र श्री अतर सिंह राजपूत) की ओर से थाने में सौंपी गई है।
दीवार पर लिखे ‘राम नाम’ पर डंडे से प्रहार करने का आरोप
शिकायत पत्र में ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह राजपूत ने पुलिस को बताया कि आरोपी सत्यव्रत यादव उर्फ सत्या यादव (निवासी टोरियापुरा, कस्बा व थाना चिरगांव) एक शातिर और आदतन अपराधी है, जिसके भय और आतंक के कारण पूर्व में कोई भी गवाह सामने नहीं आ पाता था। इसी आपराधिक इतिहास के चलते प्रशासन ने उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम (गुंडा एक्ट) के तहत नोटिस जारी किया था। इस कार्रवाई से बौखलाकर आरोपी ने न सिर्फ फेसबुक पर लाइव आकर देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा को माँ-बहन की गंदी गालियां दीं और “मेरा एनकाउंटर करा दो” कहकर पुलिस प्रशासन को सरेआम चुनौती दी, बल्कि कुछ दिनों पूर्व उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक और वीडियो डाला था, जिसमें वह दीवार पर लिखे ‘राम मंदिर’ और भगवान श्री राम के नाम पर डंडे से प्रहार कर उसे मिटाता हुआ दिख रहा था। वह लगातार प्रभु श्री राम और हनुमान जी के विरुद्ध भड़काऊ वीडियो डाल रहा था, जिससे करोड़ों सनातनी समाज और कार्यकर्ताओं के आत्मसम्मान व धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।
प्रधान को दी जान से मारने की धमकी, दंगा भड़काने की साजिश
प्रधान राजेंद्र सिंह राजपूत ने यह भी उल्लेख किया है कि उन्होंने पूर्व में सामाजिक जिम्मेदारी के नाते सत्या यादव को ऐसी गैर-कानूनी हरकतों से बाज आने और सरकार विरोधी गतिविधियां न चलाने के लिए समझाया था, लेकिन आरोपी ने उन्हें भी सीधे तौर पर देख लेने और जान से मारने की गंभीर धमकी दे डाली। आरोपी द्वारा सोशल मीडिया पर “भाइयों शेयर जरूर कर देना” लिखकर इन वीडियो को समाज में तेजी से वायरल किया जा रहा है, जिससे पूरे जनपद में भारी आक्रोश और मानसिक तनाव का माहौल है। इस कृत्य से क्षेत्र की लोक-व्यवस्था छिन्न-भिन्न होने और सांप्रदायिक दंगा भड़कने की पूरी आशंका बनी हुई है।
पुलिस से तत्काल गिरफ्तारी और अकाउंट ब्लॉक करने की मांग
ग्राम प्रधान ने रक्सा थाना पुलिस से मांग की है कि आदतन अपराधी सत्या यादव के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने, सामूहिक मानहानि, आपराधिक धमकी, लोक-शांति भंग करने तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 67 (इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से अश्लीलता फैलाना) जैसी संगीन व गैर-जमानती धाराओं के तहत तत्काल मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाए। साथ ही समाज में नफरत फैलने से रोकने के लिए साइबर सेल के माध्यम से आरोपी के फेसबुक समेत सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने (ब्लॉक करने) की मांग की गई है। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वही रक्सा थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी ग्राम प्रधान सहित अन्य लोगों द्वारा थाना में तहरीर दी गई है। जिसकी जांच की जा रही है। जांच में सही तथ्य सामने आने के बाद कार्यवाही की जाएगी।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

Leave a Reply