झांसी। दुर्गा विसर्जन के दौरान लक्ष्मी ताल के पास दो गुटों में चले लाठी डंडा में घायल पीड़ित आज आईजी के द्वार पहुंचे। जहां उन्होंने थाना कोतवाली पुलिस पर उनकी एफआईआर दर्ज न करने का आरोप लगाकर कार्यवाही की मांग की है। बाहर सैयर गेट खटीकयाना मोहल्ला निवासी हृदेश, गुड्डू खटीक, राकेश सहित दर्जनों लोगों ने शनिवार को आईजी के कार्यालय पहुंच कर शिकायती पत्र देते हुए बताया कि 20 अक्टूबर को वह लोग अपने क्षेत्र की दुर्गा प्रतिमा को विसर्जन करने लक्ष्मी ताल गए थे, वही उन्हीं की समाज के दूसरे गुट भी दुर्गा प्रतिमा विसर्जित कर रहे थे। तभी अपनी अपनी दुर्गा प्रतिमा पहले विसर्जित करने को लेकर दोनों गुटों में कहा सुनी हो गई। कहा सुनी इतनी बढ़ गई कि लाठी डंडे चलने लगे। शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि विपक्षियों ने उन पर लाठी डंडा और तलवारों से हमला कर दिया जिसमें हृदेश, राकेश, गुड्डू के हाथ पैरों में गंभीर चोट आई और वह बुरी तरह घायल हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ जो घटना हुई है वह उसकी एफआईआर दर्ज कराने गए तो पुलिस ने उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की। उनका आरोप है कि पुलिस लूट की घटना लिखने से इंकार कर रही है। उन्होंने आईजी से मांग करते हुए कहा कि उनकी एफआईआर दर्ज की जाए।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा
