झांसी । इलाहाबाद-झाँसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) प्रत्याशी शिव शंकर पटेल ने आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि उनका उद्देश्य स्नातकों, शिक्षकों और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को विधान परिषद में मजबूती से उठाना है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने का विषय नहीं, बल्कि शिक्षित वर्ग और युवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण सवालों को सदन तक पहुंचाने का अवसर है।शिव शंकर पटेल ने कहा कि प्रदेश के स्नातक युवा बेरोजगारी, संविदा व्यवस्था, आउटसोर्सिंग और भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं। वहीं शिक्षक और कर्मचारी पुरानी पेंशन योजना की बहाली तथा सेवा सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर लंबे समय से अपनी मांगें रखते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।रोजगार और पुरानी पेंशन सहित कई मुद्दे संकल्प पत्र मेंउन्होंने अपने संकल्प पत्र की प्राथमिकताओं की जानकारी देते हुए कहा कि स्नातक युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, बेरोजगार भत्ता सुनिश्चित कराने, संविदा एवं आउटसोर्सिंग व्यवस्था पर पुनर्विचार करने तथा पुरानी पेंशन योजना लागू कराने की मांग को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके अलावा शिक्षकों को अनावश्यक टीईटी जैसी प्रक्रियाओं से राहत दिलाने तथा आरक्षित वर्ग के युवाओं को पारदर्शी तरीके से आरक्षण का लाभ सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में समानता पर जोर देते हुए सरकारी और निजी विद्यालयों में समान पाठ्यक्रम तथा समान ड्रेस व्यवस्था जैसे प्रावधानों पर विचार किए जाने की आवश्यकता बताई। उनका कहना था कि इससे आर्थिक स्थिति के आधार पर बच्चों के बीच शिक्षा के अवसरों में अंतर को कम करने में मदद मिल सकती है।बुन्देलखण्ड और पूर्वांचल के मुद्दे उठाने की बातशिव शंकर पटेल ने कहा कि बुन्देलखण्ड और पूर्वांचल के हक, सम्मान और विकास से जुड़े मुद्दों को विधान परिषद में प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रीय असंतुलन दूर करने और समुचित विकास की मांग के साथ अलग राज्य निर्माण के मुद्दे को भी मजबूती से उठाने की बात कही।उन्होंने कहा कि वे किसी दलगत दबाव के बजाय स्नातकों, शिक्षकों और कर्मचारियों के मुद्दों को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने मतदाताओं से उम्मीदवारों के विचार, प्राथमिकताओं और संकल्पों के आधार पर निर्णय लेने की अपील की।प्रेस वार्ता में पूर्व ब्लॉक प्रमुख तिंदवारी बांदा रमेश पटेल, पूर्व प्रधानाचार्य रजनीश कुमार, पूर्व सीओ जीडी सिंह कटियार, पूर्व प्रधानाचार्य जीआईसी राजेंद्र प्रसाद वर्मा, राजेश सचान, वीरेंद्र कुमार वर्मा, सर्वेश कुमार वर्मा, डॉ. विक्रम पटेल, अरविंद सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा
Leave a Reply