अपने प्रति अति कठोर व स्वयंसेवकों के प्रति नम्र थे विनोद जी वरिष्ठ प्रचारक विनोद कुमार व योगेश को स्वयंसेवकों ने दी श्रद्धांजलि , सेवा-साधना को किया याद

झांसी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं अखिल भारतीय कार्यकारिणी के आमंत्रित सदस्य स्व. विनोद कुमार व योगेश को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए सोमवार को माधव स्मृति भवन, झोकन बाग स्थित संघ कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें संघ के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं ने उनके व्यक्तित्व, कृतित्व तथा राष्ट्र एवं समाज के प्रति समर्पण को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए सह प्रान्त प्रचारक मुनीश ने  उनके पूरे परिवार का विस्तार से परिचय दिया।क्षेत्र प्रचारक अनिल ने बताया कि हमारे साथ में प्रचारक रहे। बताया कि वह अपने प्रति अति कठोर व स्वयंसेवकों के प्रति नम्र थे। मंदिर में दर्शन करने गए थे वहीं गिरने के बाद चोट लगी। करीब ढाई महीने तक बिस्तर पर रहने के बाद उनका देहावसान हो गया। देश में ऐसा कोई प्रचारक नहीं मिलेगा।उनके पास दो जोड़ी कपड़ों के अलावा कुछ नहीं था। उन्होंने पहले ही बता दिया था कि मेरे शरीर को गांव नहीं ले जाना है। उनके केंद्र उज्जैन में ही सारा कार्यक्रम किया जा रहा है। उनका जीवन एक तपस्वी का आदर्श जीवन रहा। कोविड के समय में भी वह महाकाल के दर्शन को जरूर जाते थे। सह क्षेत्र कार्यवाह अनिल ने उनकी सादगी का उदाहरण देते हुए बताया कि वह कहते थे कि पानी को यदि खरीदना पड़ा तो यह तो बड़ी विडंबना होगी। नियमित श्रीराम नाम का लेखन करते थे। सदैव प्रसन्न रहते थे। उनका जन्म 1952 में हुआ था। स्व. विनोद कुमार का लंबी बीमारी के बाद 75 साल की उम्र में उज्जैन में निधन हो गया था। उन्होंने आश्विन शुक्ल एकादशी की सुबह करीब आठ बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन से संघ परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। वक्ताओं ने उनके जीवन को राष्ट्रसेवा, समाजसेवा और संगठन के विस्तार के लिए समर्पित प्रेरणादायी यात्रा बताया।विनोद कुमार ने अपने लंबे सांगठनिक जीवन में संघ के कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। वे महाकौशल प्रांत के प्रांत प्रचारक, मध्य क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक तथा अखिल भारतीय सह प्रचारक प्रमुख जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों पर रहे। बाद में वे अखिल भारतीय कार्यकारिणी के आमंत्रित सदस्य भी बने। संघ कार्य के विस्तार और प्रचार विभाग को नई दिशा देने में उनके योगदान को विशेष रूप से स्मरण किया गया।श्रद्धांजलि सभा में प्रांत कार्यवाह रामकेश विभाग संघचालक शिवकुमार भार्गव,विभाग प्रचारक मनोज जी, महानगर संघचालक सतीश शरण अग्रवाल, सह महानगर संघचालक जय सिंह सेंगर तथा महानगर प्रचारक यश जी सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।उपस्थित स्वयंसेवकों ने स्व. विनोद कुमार के सेवा भाव, संगठन के प्रति निष्ठा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले जीवन का स्मरण किया। उन्होंने उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज एवं राष्ट्र की सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। सभा का आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, झांसी महानगर की ओर से किया गया।

रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *