झांसी। उत्तर प्रदेश सरकार के आलाधिकारी कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने और थाने में आने वाले हर फरियादी को न्याय दिलाने तथा उनसे पुलिस द्वारा सम्मान पूर्वक वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनकर निस्तारण करने का निर्देश देते है। यही निर्देशों का पालन करने के लिए जनपद के पुलिस अधिकारी भी थाना प्रभारी और पुलिस कर्मियों को देते है, लेकिन इन निर्देशों का कितना पालन होता है यह पुलिस अफसरों की चौखट पर आने वाले फरियादियों की भीड़ से अंदाजा लगाया जा सकता है, कि थानों में फरियादियों को संतुष्ट नहीं कर पा रहे है। ऐसा ही एक मामला थाना नवाबाद में आज देखने को मिला जहां एक पीड़ित फरियादी अपनी दुकान और मंदिर में हुई चोरी की घटना की लिखित सूचना देने गया जहाँ मौजूद एसएसआई ने उसकी फरियाद तो सुनना दूर उसका शिकायती पत्र भी नहीं लिया और सीधे तौर पर बोल दिया अभी उसके पास टाइम नहीं है।एस एस आई की इस बात को सुनने के बाद पीड़ित गरीब फरियादी मायूस होकर थाने से चला गया। कोतवाली के झारखड़िया मोहल्ला निवासी ओम प्रकाश नामदेव ने शनिवार को शाम करीब साढ़े चार बजे थाना नवाबाद पहुंचा। जहां उसने लिखित शिकायती पत्र देते हुए बताया कि चन्द्रशेखर आजाद प्रतिमा के पास उसकी चाय नाश्ता की दुकान है, देर रात अज्ञात चोर ने दुकान के पीछे से सेंध लगाकर मोबाइल, नकदी और मंदिर की गुल्लक से नकदी चोरी कर ली। पीड़ित के शिकायती पत्र को थाना में बैठे एसएसआई ने लेना तो दूर उस पीड़ित की फरियाद सुनना भी मुनासिब नहीं समझा और पीड़ित से कहा कि अभी उनके पास टाइम नहीं। पीड़ित फरियादी चुपचाप अपना शिकायती पत्र लेकर थाना से चला गया। क्या इस प्रकार का पुलिस का जनता से व्यवहार अधिकारियों की मंशा पर खरा उतरेगा क्या। इस संबंध में जब सीओ सिटी से वार्ता की गई तो बताया कि अभी सीओ साहब क्राइम मीटिंग में है।
रिपोर्ट – मुकेश वर्मा/राहुल कोष्टा
